झांसी। सोमवार रात करीब 10 बजे शहर के तालपुरा फीडर कालीमाई स्थित कंबल मिल के पास लगा 630 केवीए का ट्रांसफार्मर फुंक गया। इससे 20 घंटे तक इलाके की बिजली गुल रही। गर्मी और मच्छरों के कारण लोग पूरी रात सो नहीं पाए। वहीं, मंगलवार की सुबह पानी नहीं आने से लोग बिजली विभाग में फोन लगाते रहे।
गर्मी में महानगर में बिजली ठप होना कोई नई बात नहीं है। कहीं आेवरलोडिंग तो कहीं गड़बड़ी के कारण आए दिन मोहल्लों में बिजली ठप हो जाती है। ऐसे में लोगों को बिजली के साथ-साथ पानी के लिए भी परेशान होना पड़ता है। सोमवार रात भी यही हुआ। तालपुरा फीडर कालीमाई स्थित कंबल मिल के पास लोग रात में खाना-पीना कर आराम से सोने चले गए थे, तभी बिजली गुल हो गई। लोगों को लगा कि अभी कुछ देर में आ जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। थोड़ी देर में लोगों को पता चला कि ट्रांसफार्मर फुंक है। ऐसे में गर्मी और मच्छरों से परेशान लोग बिजली विभाग को फोन लगाने लगे। लेकिन, पूरी इसी तरह कट गई लेकिन बिजली नहीं आई।
मंगलवार की सुबह तालपुरा, कालीमाई आदि क्षेत्रों में रहने वाली दस हजार की आबादी को पानी के संकट से भी जूझना पड़ा। बिजली नहीं होने से लोग सुबह पानी तक नहीं भर पाए। कई घरों में पानी की टंकी खाली हो गई, इससे परेशान लोगों ने पानी के लिए हैंडपंपों का सहारा लिया। लोगों की मानें तो मंगलवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे क्षेत्र की आपूर्ति चालू हो सकी।
एसडीओ विकास सोनी ने बताया कि ट्रांसफार्मर फुंकने के कारण संबंधित क्षेत्रों की आपूर्ति ठप हो गई थी। इसके बाद दूसरा ट्रांसफार्मर रखवाकर क्षेत्र की आपूर्ति को सुचारु कराया गया।