संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। अनुरक्षण कार्य ने बुधवार को बिजली विभाग की ही बत्ती गुल कर दी। चार घंटे तक मुख्य अभियंता, अधिशासी अभियंता कार्यालय में बिजली न आने से लोगों के काम अटके रहे। इस दौरान कर्मचारी भी हाथ पर हाथ रखे बैठे रहे। वहीं 20 मोहल्लों में भी बिजली का संकट रहा।
बिजली विभाग द्वारा अनुरक्षण माह और रिवैंप योजना के तहत मरम्मत का काम किया जा रहा है। बुधवार सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक बिजली विभाग के दफ्तरों की आपूर्ति ठप हो गई। इस दौरान सारा काम बंद हो गया। बिल में संशोधन, कनेक्शन लेने और अन्य प्रशासनिक काम कराने पहुंचे लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। काम न होने पर लोग मायूस होकर लौट आए। वहीं, इंद्रा नगर, मिनर्वा चौराहा, अयोध्यापुरी, सिद्धेश्वर नगर, केकेपुरी, हंसारी, प्रेमगंज, आदर्श नगर, गोंदू कंपाउंड, मसीहागंज, चमनगंज क्षेत्र में भी सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे शटडाउन लिया गया। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
आज यहां रहेगी कटौती
महानगर का इसाईटोला फीडर का इंद्रा नगर, न्यू रोड का मिनर्वा चौराहा, बालाजी फीडर का अयोध्यापुरी में सुबह 10 से 5 बजे तक शटडाउन लिया जाएगा।
बातचीत
बिजली से अधिकांश काम होते हैं। ऐसे में बत्ती गुल होने से सभी प्रभावित हो जाते हैं। - प्रशांत साहू, प्रेमनगर
कई बार कंट्रोल रूम में लाइट जाने की शिकायत दर्ज कराते हैं, सुनवाई नहीं होती है। - जगदीश सिंह, प्रेमनगर
शटडाउन की जानकारी पहले नहीं देते हैं, जिससे बहुत परेशानी होती है। - रमन, अन्नपूर्णा कॉलोनी
अनुरक्षण माह के तहत मरम्मत का काम कराया जा रहा है। इसलिए शटडाउन लिया जा रहा है। - राजीव माहेश्वरी, मुख्य अभियंता