अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। नगर निगम के 81 पार्कों में बिना कनेक्शन बिजली जल रही है। विद्युत विभाग को निगम की तरफ से स्ट्रीट लाइट जलने का ही भुगतान किया जाता है। अब विद्युत विभाग ने इन पार्कों में मीटर लगवाने के लिए नगर निगम प्रशासन को पत्र लिखा है।
शहर में नगर निगम के छोटे-बड़े करीब 90 पार्क हैं। इन पार्कों में लाइटें भी लगी हुई हैं। मगर सिर्फ नौ पार्क का ही विद्युत संयोजन लिया हुआ है। बाकि, पार्कों में बिना कनेक्शन के ही बिजली जलाई जा रही है। ऐसे में अब विद्युत विभाग ने सभी पार्कों में विद्युत कनेक्शन करवाने के लिए नगर निगम प्रशासन को पत्र लिख दिया है। विद्युत विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जिन पार्कों में कनेक्शन नहीं है, वहां पर जल रहीं स्ट्रीट लाइटों का ही भुगतान निगम द्वारा किया जाता है। जबकि, कई पार्कों में फाउंटेन, म्यूजिक सिस्टम भी लगा हुआ है। विद्युत विभाग का मानना है कि अगर इन पार्कों का विद्युत कनेक्शन हो जाता है तो उसके खाते में ज्यादा पैसा जमा हो सकेगा। इस मामले में नगर आयुक्त सत्य प्रकाश का कहना है कि सेंट्रल कंट्रोल एंड मॉनीटरिंग सिस्टम के विद्युत संयोजन के लिए बिजली विभाग के साथ संयुक्त सर्वे कराया गया है। इसी में सामने आया है कि कुछ पार्कों का विद्युत कनेक्शन नहीं हैं। अब इनका विद्युत संयोजन करवाया जा रहा है।