संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। शुक्रवार को मरम्मत और फॉल्ट के नाम पर सात घंटे बिजली कटौती होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा है। सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक शटडाउन के चलते न्यू रोड, ईसाई टोला, दतिया गेट और आईटीआई, रानी महल, नगरा, मुन्नालाल पावर हाउस और सीपरी बाजार सब स्टेशन की बिजली गुल रही।
इससे कमल सिंह कॉलोनी, शास्त्री नगर, बीकेडी, मिशन कंपाउंड, खजूर बाग, सीपरी बाजार, मसीहागंज, रायगंज, नानक गंज, आईटीआई क्षेत्र, बड़ा बाजार, रानी महल, सुभाष गंज, मिनर्वा, मानिक चौक, खाती बाबा, नगरा, गरिया फाटक, ईसाई टोला आदि क्षेत्र के 30 हजार लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। सुबह से बिजली गुल हो जाने से कई क्षेत्रों में पानी नहीं पहुंच सका। वहीं दुकानों पर काम ठप रहे। लोगों का कहना है कि मरम्मत के नाम पर सात घंटे बिजली गुल की जा रही है। इससे दिक्कत बढ़ रही है।
बातचीत
मरम्मत के नाम पर आठ से दस घंटे बिजली कटौती कर लेते हैं। इससे काफी काम प्रभावित होते हैं। - राहुल
अभी सर्दियों में इतनी कटौती की जा रही है तो गर्मियों इससे ज्यादा बुरा हाल होगा। - रविंद्र जैन
बोर्ड परीक्षाएं चल रही हैं, ऐसे में विद्यार्थियों के लिए बेहतर बिजली व्यवस्था होनी चाहिए। - राजेंद्र हयारण
गर्मियों में बेहतर सप्लाई करने के उद्देश्य से रिवैंप योजना के तहत काम चल रहा है। इसलिए शटडाउन लिया जाता है। - राजीव माहेश्वरी, मुख्य अभियंता