नगर निगम के कंट्रोल रूम पर शिकायतें पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। लोग कंट्रोल रूम पर घर आने और खाना मांगने की शिकायतें कर रहे हैं। इन शिकायतों को कंट्रोल रूम से प्रशासन को सूचित कराया जा रहा है। नगर निगम में बने कंट्रोल रूम पर रोज औसतन 20-25 फोन पहुंच रहे हैं। कंट्रोल रूम पर लोग सफाई, सैनिटाइजेशन, आवारा पशु और फॉगिंग संबंधी शिकायतें कर रहे हैं। इसके साथ ही कंट्रोल रूम पर बाहरी प्रदेशों से भी लोग शिकायतें कर रहे हैं। नगर निगम के कंट्रोल रूम पर तैनात कर्मचारी ने बताया कि अधिकतर शिकायतों में लोग घर आने के लिए ई-पास बनवाने के बारे में पूछते हैं। हाल ही में मुंबई, गुजरात समेत तमाम स्थानों से फोन आए हैं। कई लोग झांसी से बाहर जाने के लिए शिकायतें करते हैं। इसके साथ ही सैनिटाइजेशन और फॉगिंग कराने के लिए रोज 10 कॉल आ रही हैं। जिनको संबंधित विभाग के अधिकारी और प्रभारी को अवगत करा दिया जाता है। कंट्रोल रूम पर आने वाली शिकायतों का 72 घंटे में निस्तारण कराया जा रहा है।