- मिष्ठान की बिक्री ने बनाया नया रिकॉर्ड, रामराजा सरकार मंदिर में भक्तों की आस्था का सैलाब
संवाद न्यूज एजेंसी
ओरछा। प्रयागराज में चले महाकुंभ के चलते एक माह तक धार्मिक और ऐतिहासिक नगरी ओरछा के श्री रामराजा सरकार मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। इस दौरान भक्तों ने दिल खोलकर दान दिया, जिससे मंदिर की आमदनी 86 लाख रुपये तक पहुंच गई। भक्तों ने 16 लाख रुपये के वीआईपी दर्शन, 24 लाख रुपये के लड्डू, 11 लाख रुपये का राजभोग और 25 लाख रुपये दान पात्र में अर्पित किए। ओरछा स्थित श्री रामराजा सरकार मंदिर अपनी अनूठी परंपरा और दिव्यता के लिए पूरे देश में प्रसिद्ध है। यह देश का एकमात्र ऐसा मंदिर है, जहां भगवान राम को राजा के रूप में पूजा जाता है। प्रयागराज में चले महाकुंभ के दौरान निवाड़ी जिले की ओरछा तहसील के रामराजा सरकार मंदिर में भी हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। मंदिर प्रबंधन के अनुसार, बीते 27 दिनों में मंदिर की कुल आय 86 लाख रुपये तक पहुंच गई है। वहीं, शिवरात्रि पर भी विशेष रूप से मंदिर को फूलों और रोशनी से सजाया गया था। इस दौरान भगवान राम राजा सरकार की भव्य आरती के दौरान भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। इस संबंध में मंदिर प्रशासन का कहना है कि मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। भक्तों की श्रद्धा को देखते हुए मंदिर में दर्शन और दान प्रक्रिया को सुव्यवस्थित किया जा रहा है। ओरछा के श्री रामराजा सरकार मंदिर में भक्तों ने भक्ति और दान की मिसाल पेश की। 86 लाख रुपये की आमदनी यह दर्शाती है कि श्रद्धालुओं की आस्था दिनों-दिन बढ़ रही है। मंदिर प्रशासन इसे और भव्य बनाने और भक्तों को सुविधाएं देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।