मऊरानीपुर। जिलाधिकारी ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) के लिए 30 अक्तूबर को जनपद के सभी 12वीं कक्षा तक के शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित किया था। इसके बावजूद टीकमगढ़ बस स्टैंड के पास स्थित विजडम पब्लिक स्कूल शुक्रवार को खुला रहा। स्कूल में बच्चे अपनी वर्दी में पहुंचे और पढ़ाई भी हुई। एक छात्र ने बताया कि दोपहर एक बजे छुट्टी की गई। जिलाधिकारी के स्पष्ट आदेश के बाद भी विद्यालय खोले जाने से प्रशासन की मंशा पर सवाल उठे हैं। उप उपजिलाधिकारी मनोज कुमार भारती ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी के आदेश के बावजूद स्कूल क्यों खुला, इसकी जांच कराई जाएगी। जांच के उपरांत दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई होगी। संवाद