अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बुधवार को जिला पंचायत बोर्ड की बैठक हुई, जिसमें मौजूद सदस्यों ने कई विभागों के अफसरों पर मनमानी का आरोप लगाते हुए जमकर भड़ास निकाली। यहां तक कि अपर मुख्य अधिकारी पर मनमानी का आरोप लगाते हुए एक सदस्य बैठक में शामिल ही नहीं हुआ और धरना देकर बाहर बैठा रहा। इस दरम्यान बिजली विभाग पर भी भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए। इस पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने अफसरों को कार्यप्रणाली में सुधार की ताकीद दी। बैठक में 48 करोड़ रुपये के पुनरीक्षित बजट पर मुहर लगाई गई।
जिला पंचायत सभागार में जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम की अध्यक्षता में बोर्ड की बैठक हुई। शुरुआत में ही सदस्य बालकिशन बरार बैठक का बहिष्कार कर धरने पर बैठ गए। उन्होंने अपर मुख्य अधिकारी पर मनमानी का आरोप लगाया। जबकि, अंदर अन्य सदस्यों ने अधिकारियों को आड़े हाथों लिया। सदस्य विवेक राजपूत (गोलू महाराज) ने कहा कि बोर्ड बैठक में उठे मुद्दों को मिनट बुक में दर्ज तो कर लिया जाता है, परंतु अधिकारी उन पर कोई कार्रवाई नहीं करते हैं। रजनी गौतम ने कहा कि अधिकारी सदस्यों के कार्यों को तवज्जो नहीं देते हैं। वहीं, सदस्य किरण देवी के प्रतिनिधि अनिल राज ने बिजली विभाग पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। इस पर बैठक में आए बिजली विभाग के अफसर ने आपत्ति जताई, जिससे बहस की स्थिति बन गई। इस पर अध्यक्ष पवन गौतम ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि विभाग के कुछ प्राइवेट कर्मचारी विभाग के साथ सरकार की छवि खराब कर रहे हैं। इसके अलावा अध्यक्ष ने कहा कि जिला पंचायत का कार्यकाल प्रारंभ होने पर कोरोना काल चरम पर था। सदस्यों के सहयोग से जनता के हित में काम करने का प्रयास किया। पंचायत की आय में भी वृद्धि की गई, साथ ही सदस्यों की समस्याओं के निराकरण के भी प्रयास हुए। विकास में किसी तरह का भेदभाव या पक्षपात नहीं किया गया और आगे भी इसी भरोसे के साथ काम किया जाएगा। बैठक में सांसद अनुराग शर्मा, गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत, एमएलसी रमा निरंजन समेत सीडीओ जुनैद अहमद, एएमए आशुतोष आदि उपस्थित रहे।
00000
यह बोले जनप्रतिनिधि -
सरकार ने झांसी को बीडा की सौगात दी है। बीडा यहां की सूरत बदल देगा। बुंदेलखंड के विकास के लिए यह समय बेहद बहुमूल्य है। सभी लोग ईमानदारी से काम करते हुए योजनाओं को समय पर पूरा कराने का प्रयास करें। - अनुराग शर्मा, सांसद
00000
पिछड़ा कहलाने वाला बुंदेलखंड आने वाले दिनों में विकास में आगे खड़ा होगा। इसके लिए सरकार ने डिफेंस कॉरिडोर और बीडा जैसी परियोजनाओं की सौगात दी है। विकास की यात्रा में सभी अपनी भूमिका निभाएं। - जवाहर लाल राजपूत, गरौठा विधायक
00000
जिला पंचायत सदस्यों के क्षेत्र बड़े होते हैं। बजट के अभाव में अक्सर कुछ प्रस्तावों पर काम नहीं हो पाता है। लेकिन, यदि सभी एकजुट होंगे तो धन का अभाव भी नहीं रहेगा। किसी भी निधि से कार्य पूरे कराए जा सकेंगे। - रमा निरंजन, एमएलसी
00000
काली सूची में डाली जाएगी स्ट्रीट लाइट लगाने वाली फर्म
जिला पंचायत की बोर्ड बैठक में सदस्य विवेक राजपूत ने कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में 10-10 स्ट्रीट लाइट लगवाईं गईं थीं। इनमें से अधिकांश लाइटें खराब हो गईं। ठेकेदार को रख-रखाव भी करना था, लेकिन वह मरम्मत नहीं करा रहा है। इस पर अध्यक्ष पवन गौतम ने लाइट लगाने वाली कंपनी को काली सूची में डालने और सिक्योरिटी राशि जब्त करने के निर्देश दिए।
00000
शैक्षिक टूर पर जाएंगे सदस्य
नगर निगम के पार्षदों की तर्ज पर अब जिला पंचायत के सदस्य भी शैक्षिक टूर पर जाएंगे। इसके लिए सदस्यों की पांच सदस्यीय समिति बनाई जाएगी, जो भ्रमण स्थल और तिथि तय करेगी। हालांकि, बैठक में कुछ सदस्यों की ओर से अंडमान-निकोबार जाने की इच्छा जताई गई।
00000
बैठक में यह भी मुद्दे उठाए गए -
- बामौर के ब्लॉक प्रमुख चंद्रभान अहिरवार ने कहा कि कुरैठा-जखौरा के बीच दो किलोमीटर सड़क के बनने से 21 गांव के लोगों को लाभ होगा
- चिरगांव के ब्लॉक प्रमुख राजकांतेश वर्मा ने कहा कि खनिज के ठेकों में जिला पंचायत की एनओसी का भी प्रावधान किया जाए। इससे पंचायत की आय बढ़ेगी। इसके अलावा उन्होंने क्षेत्र के लिए हर सदस्य को 10-10 व ब्लॉक प्रमुखों को एक-एक हाईमास्ट लाइट देने का प्रस्ताव रखा।
- सदस्य रोहित राजपूत ने कहा कि ग्राम डेली का श्मशान घाट व जौरी बुजुर्ग का स्वास्थ्य केंद्र जर्जर स्थिति में है। इनकी दशा सुधारी जाए।
- सदस्य अजय सिंह अतरौली ने बताया कि बामौर ब्लॉक के ग्राम करगुवां व बछेह गांव की सड़क जर्जर हो चुकी हैं। तीन बार प्रस्ताव दिए गए, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई।
- सदस्य अमनदीप यादव ने कहा कि अमृत योजना से बनाया जा रहा तालाब का काम अधूरा छोड़ दिया गया, जिससे कब्जे हो गए हैं। उन्होंने बिना पक्षपात के विकास कराने की बात भी कही।
- सदस्य किरण देवी के प्रतिनिधि अनिल राज ने कहा कि ग्राम लुहारी में कुशवाहा परिवार 40 साल से रह रहे हैं, लेकिन वहां बिजली का कनेक्शन नहीं दिया गया है।