- रिस्पांस टाइम के बेहतर होने की उम्मीद, मतदान से पहले झांसी पुलिस को मिलेंगे वाहन
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। डायल-112 को आधुनिक बनाने की तैयारी है। डायल-112 में इनोवा की जगह अब एसयूवी लेगी। झांसी आने वालीं 17 नई गाड़ियां हाईटेक कैमरे समेत अत्याधुनिक संचार सुविधाओं से लैस होंगी। साथ ही कनेक्टिविटी बेहतर करने के लिए इनमें एप्पल कंपनी के डिवाइस लगाए गए हैं। अफसरों का कहना है कि हाईटेक सुविधाएं होने से पुलिस के रिस्पांस टाइम में सुधार होगा। सभी गाड़ियां लोकसभा चुनाव की वोटिंग से पहले झांसी पुलिस को मिल जाएंगी।
झांसी में डायल-112 के बेड़े में 10 इनोवा, 30 बोलेरो एवं 19 दो पहिया वाहन हैं। 28 अक्तूबर 2016 से इन वाहनों के जरिये पुलिस की डायल-112 सेवा काम कर रही है। सभी वाहन औसतन एक लाख किलोमीटर का सफर कर चुके हैं। ऐसे में इनका रखरखाव काफी खर्चीला हो गया है। कई वाहन कबाड़ भी हो गए। इसके चलते अब डायल-112 को आधुनिक बनाने की तैयारी है। पुलिस अफसरों के मुताबिक 17 नई एसयूवी स्कार्पियो समेत दो मोटर साइकिल झांसी भेजी जाएंगी। यह सभी वाहन उच्च क्षमता युक्त स्वचालित कैमरों से लैस होंगे। कैमरे वाहन के बाहर लगे होंगे। घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कर सकेंगे।
-
इनसेट
सीधे घटनास्थल पर पहुंचेगी पीआरवी
अभी घटनास्थल पर पहुंचने के लिए पीआरवी को काफी भटकना पड़ता है। पुरानी गाड़ियों में वायरलेस आधारित एमडीटी सिस्टम इस्तेमाल होता है लेकिन, नई गाड़ियों में लाइव लोकेशन के लिए गो लाइव एप का इस्तेमाल होगा। सभी वाहनों में एप्पल कंपनी के डिवाइस लगाए गए हैं। इसकी मदद से सूचनाकर्ता की लाइव लोकेशन आसानी से हासिल हो सकेगी। अफसरों का कहना है कि शिकायतकर्ता को एसएमएस के जरिये लिंक भेजा जाएगा। उसके जरिये उसे भी पीआरवी की दूरी पता चलती रहेगी।
00000
डायल- 112 के नए वाहन आधुनिक सुविधाओं से लैस हैं। इनमें आधुनिक संचार उपकरण लगाए गए हैं। नए वाहनों के जरिये रिस्पांस सिस्टम भी बेहतर होगा। इससे लोगों को फायदा होगा।
राजेश एस, एसएसपी