नगर निगम और मलेरिया विभाग ने संयुक्त रूप से की जांच
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग के तमाम प्रयास के बावजूद डेंगू के रोगियों की संख्या बढ़ती जा रही है। तेज बुखार के 31 संदिग्ध रोगियों की जांच कराई गई, जिनमें से तीन में डेंगू की पुष्टि हुई है। वहीं, मलेरिया विभाग और नगर निगम की टीम ने शहर में जांच की तो 19 घरों में लार्वा पनपते मिला। उन्हें नोटिस दिया गया।
मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ. सचिन माहुर ने बताया कि शुक्रवार को तेज बुखार के 31 रोगियों के सैंपल जांच के लिए आए थे। इनमें तीन में डेंगू की पुष्टि हुई। शनिवार को जिला मलेरिया अधिकारी डाॅ. आरके गुप्ता और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. धीरेंद्र गुप्ता ने संयुक्त रूप से जांच अभियान चलाया। जेएमके कॉलोनी शिवाजी नगर के आठ, शिवाजी नगर के एक स्कूल के आसपास छह और सेवाराम ऑयल मिल चित्रा चौराहा के पांच घरों में डेंगू का लार्वा मिला। मलेरिया अधिकारी ने परिवारों को नोटिस थमा दिया।