चिरगांव। कोरोना काल से चिरगांव रेलवे स्टेशन पर कुशीनगर एक्सप्रेस का ठहराव बंद है, जिससे यात्रियों को परेशानी हो रही है। लंबे समय से बंद इस ट्रेन का ठहराव दोबारा शुरू करने की मांग जोर पकड़ने लगी है। क्षेत्रीय लोगों ने रेलवे के उच्चाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से ठहराव बहाल करने की मांग की है। चिरगांव, गुरसराय, भांडेर और परीक्षा के यात्री पहले इस ट्रेन से झांसी, कानपुर, लखनऊ, गोरखपुर और मुंबई जाते थे। ठहराव बंद होने से उन्हें दूसरे स्टेशनों से ट्रेन पकड़ने में अतिरिक्त समय और पैसा खर्च करना पड़ता है। राष्ट्रीय हिंदू वाहिनी के जिलाध्यक्ष संदीप कुमार रेजा ने भी यह मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। यात्रियों को उम्मीद है कि रेलवे प्रशासन उनकी समस्या पर विचार करेगा। संवाद