मोंठ। गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत ने सोमवार को प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मंत्री से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत फसल बीमा प्रीमियम जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 अगस्त किए जाने की मांग की। विधायक ने कहा कि जनपद झांसी सहित प्रदेश के हजारों किसान तकनीकी कारणों एवं पोर्टल के समय पर सुचारु रूप से संचालित न होने के कारण फसल बीमा योजना का लाभ लेने से वंचित रह गए हैं। उन्होंने बताया कि बीमा कंपनी से संबंधित औपचारिकताओं में देरी होने के कारण बैंकों और निजी एजेंसियों के माध्यम से भी किसानों का बीमा नहीं हो पाया। विधायक ने बताया कि कृषि मंत्री ने इस मसले पर सकारात्मक रुख अपनाया है। संवाद