झांसी। लेखराज प्रकरण में गिरफ्तार किए गए पूर्व विधायक दीप नारायण यादव से पुलिस करीब छह घंटे लंबी पूछताछ कर चुकी लेकिन, अब तक उसके हाथ कोई सुराग नहीं आया है। घटनाक्रम को लेकर पूर्व विधायक से पुलिस ने 43 अलग-अलग सवाल दागे थे। लिहाजा अब पुलिस के कदम वहीं ठिठके हुए हैं। बृहस्पतिवार को पुलिस ने पूर्व विधायक की दोबारा पांच दिन की पुलिस रिमांड कोर्ट से मांगी है। इसको लेकर शुक्रवार को न्यायालय निर्णय सुनाएगा।
कुख्यात लेखराज यादव को पुलिस कस्टडी से छुड़ाने की साजिश रचने के आरोप में जेल में बंद पूर्व विधायक दीप नारायण यादव से एसएसपी राजेश एस की अगुवाई में पुलिस टीम ने करीब छह घंटे रिमांड पर लेकर लंबी पूछताछ की। पुलिस ने पूर्व विधायक से घटना से संबंधी तथ्यों से लेकर कई सवाल पूछे। लंबी पूछताछ के बाद भी पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा है। ऐसे में बृहस्पतिवार को पांच दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड (पीसीआर) के लिए जांच अधिकारी सुधाकर मिश्र ने कोर्ट में अर्जी दाखिल की। इस बारे में शुक्रवार को कोर्ट निर्णय सुनाएगा।
सीडीआर खंगाल रही पुलिस
झांसी। पूर्व विधायक दीप नारायण सिंह यादव चार अलग-अलग नंबरों का इस्तेमाल करते हैं। इनमें दो नंबरों का इस्तेमाल प्राइवेट तौर पर करते हैं जबकि अन्य दो नंबर सार्वजनिक थे। पुलिस इन सभी नंबरों के कॉल डिटेल रिकॉर्ड भी तलाश रही है। पुलिस को उम्मीद है लाइव लोकेशन मिलने से भी इस मामले में पूर्व विधायक के शामिल होने की बात साबित हो सकेगी।
अभी पूर्व विधायक से पूछताछ पूरी नहीं हुई है। उनसे पूछताछ करने के लिए कोर्ट से रिमांड मांगी गई है। पुलिस रिमांड मिलने का इंतजार कर रही है।
- राजेश एस, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक