झांसी। महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती मऊरानीपुर के कचनेव गांव निवासी कोरोना पॉजिटिव महिला की मौत हो गई है। महिला ने 11 दिन पहले ही बंगरा स्वास्थ्य केंद्र में बच्चे को जन्म दिया था। दो दिन पहले ही महिला में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई थी। झांसी में न सिर्फ कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ रही है, बल्कि मौत के आंकड़ा में भी तेजी से इजाफा होता जा रहा है। मंगलवार को कोरोना वायरस से संक्रमित एक और महिला की उपचार के दौरान मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। बताया गया कि महिला की 29 मई को बंगरा स्वास्थ्य केंद्र में डिलीवरी हुई थी और उसने बच्चे को जन्म दिया था। कुछ दिन पहले उसकी तबीयत बिगड़ी तो उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया। चूंकि, अस्पताल में भर्ती होने वाले सभी मरीजों का सैंपल लिया जा रहा है। ऐसे में महिला की भी कोरोना की जांच हुई। सोमवार को आई कोविड लैब की जांच रिपोर्ट में महिला में कोरोना वायरस की पुष्टि हो गई। महिला की मौत के बाद उसकी हिस्ट्री खंगालकर संपर्क में आने वाले लोगों के सैंपल लिए जा रहे हैं। साथ ही उन्हें क्वारंटीन किया जा रहा है।