झांसी। महाराणा प्रताप कॉलोनी निवासी एक कारोबारी के घायल होने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। व्यवसायी रविवार की रात बड़ागांव में दिगारा चौराहे के पास सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया। मौत की सूचना मिलने पर नवाबाद पुलिस अस्पताल पहुंच गई। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस के मुताबिक शिवाजी नगर के महाराणा प्रताप कॉलोनी निवासी महेंद्र सिंह चौहान (52) बड़ागांव में जेसीबी चलवाने का काम करते थे। रविवार रात करीब आठ बजे वह साइट से अपने दो पहिया वाहन से लौट रहे थे। जैसे ही वह दिगारा चौराहा के करीब पहुंचे पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनके वाहन में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही महेंद्र छिटककर सड़क पर गिर पड़े। सूचना मिलने पर पुलिस बल भी वहां पहुंच गया। घायल को ले जाकर देर-रात मेडिकल कॉलेज में भर्ती करा दिया गया। जहां उसकी हालत लगातार नाजुक बनी हुई थी। दुर्घटना की बात सुनते ही परिजन भी रोते-बिलखते अस्पताल पहुंच गए। उपचार के दौरान सोमवार सुबह कारोबारी की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया।