झांसी। दांडी यात्रा चौराहा के सामने 14 मार्च की रात सराफ कारोबारी के मुनीम से हुई लाखों रुपये की लूट के मामले में पुलिस के हाथ कई सुराग लगे हैं। जिसके चलते कई टीमें लुटेरों की तलाश में जुट गई हैं। पुलिस के मुताबिक जल्द मामले का खुलासा हो जाएगा।
कोतवाली थाना क्षेत्र में रहने वाले एक सराफ कारोबारी का मुनीम उन्नाव गेट निवासी संजय मैथानिया लेनदेन भी करता है। उसे 14 मार्च की रात ट्रेन से दिल्ली जाना था। वह 11 बजे सराफ के नौकर राकेश परिहार पुत्र रामसेवक परिहार निवासी जुगियाना मोहल्ला सुभाष गंज कोतवाली के साथ बाइक से निकला। राकेश बाइक चला रहा था जबकि संजय नोटों से भरा सूटकेस लेकर बैठा था। जैसे ही वह डीआरएम कार्यालय के पास स्थित दांडी यात्रा चौराहे के सामने पहुंची वैसे ही पीछे से आई बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उन्हें टक्कर मारकर गिरा दिया।
जब तक वह कुछ समझ पाते तब तक नजदीक आकर रुकी कार से दो बदमाश उतरे। उन्होंने दोनों की आंखों में मिर्ची पाउडर झोक दिया और नकदी से भरा सूटकेस लूटकर भाग गए। मौके पर पहुंची एसपी सिटी ने जांच के बाद 40 लाख रुपये की लूट बताई। 15 मार्च को वारदात में उस समय नया मोड़ आया जब संजय मैथानिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि सूटकेस में 4.50 लाख रुपये थे। नकदी उसकी निजी थी, जिससे वह दिल्ली इलेक्ट्रॉनिक्स सामान खरीदने जा रहा था। उसने बताया कि सराफ कारोबारी उसे छह हजार रुपये मासिक पगार देता है। जिससे वह परिवार का पालन पोषण और बचत भी करता है। लूटी गई रकम उसने एक-एक रुपये करके जोड़ी थी। जांच में जुटी थाना पुलिस ने कुछ दिन के बाद लूट को ही संदिग्ध बताना शुरू कर दिया था।
अब मामले में पुलिस के हाथ कई सुराग लगे हैं, जिसके आधार पर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी गई है। खासतौर से एक युवक की तलाश है, जिसके गिरफ्त में आते ही वारदात का खुलासा होना संभव है। वहीं, थानाध्यक्ष आशीष मिश्रा का कहना है कि मामले की जांच जारी है। कई सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उम्मीद है जल्द खुलासा हो जाएगा।