झांसी। सोमवार की रात नरिया बाजार के पास स्थित गोपाल कृष्ण मंदिर से चोरों ने भगवान के आर्टिफिशियल जेवर चोरी कर लिए तो वहीं दूसरी घटना में सरयू विहार कॉलोनी में एक रेलकर्मी के घर में खिड़की की ग्रिल तोड़कर घुसे बदमाशों ने नकदी, जेवर व एलईडी चोरी कर ली। दोनों घटनाओं की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
कोतवाली थाना क्षेत्र के मोहल्ला नरिया बाजार स्थित श्री गोपाल कृष्ण मंदिर के पुजारी अविनाश चौबे जब मंगलवार को सुबह मंदिर पहुंचे तो मूर्ति पर चढ़े गहने गायब मिले। यह देख पुजारी ने अन्य लोगों को इस घटना की जानकारी दी और पुलिस को भी सूचित किया। पुजारी ने बताया कि बदमाश मंदिर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और पहले बगल में बने गायत्री मंदिर में पहुंचे तथा वहां से बदमाश गोपाल कृष्ण मंदिर में आ गए। यहां मूर्ति पर चढ़े जेवरों को उतारा और चंपत हो गए।
पुजारी ने बताया कि एक मई को मंदिर का स्थापना दिवस मनाया जाता है। इस दिन असली सोने-चांदी के जेवर मूर्ति पर पहनाए जाते हैं। इसके बाद उन्हें उतार लिया गया। संभवत: बदमाशों ने सोचा कि असली जेवर होंगे, इसलिए उन्होंने मंदिर पर धावा बोला। पुजारी के अनुसार मूर्ति पर घटना के समय आर्टिफिशियल जेवर थे। असली जेवर व मुकुट सुरक्षित हैं।
वहीं एसएसपी का कहना है कि मंदिर के असली आभूषण व मुकुट आदि सब सुरक्षित हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से संयम बरतने की अपील की है।
इसी प्रकार सीपरी बाजार थाना क्षेत्र में सरयू विहार कॉलोनी में रहने वाले दिलीप राठौर पुत्र रामकुमार राठौर रेलवे वर्कशॉप में कार्यालय अधीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। सोमवार की रात वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ खाना खाकर एक कमरे में सो गए। मंगलवार को सुबह जब परिवार के लोग उठे तो घर को अस्त-व्यस्त देख घबरा गए। ड्राइंग रूम में रखी एलईडी, बेडरूम में रखी ड्रेसिंग से 25000 रुपये नकद व दराज में रखे सोने चांदी के जेवर गायब थे। साथ ही बच्चों के कमरे की खिड़की की ग्रिल टूटी पड़ी थी।
उन्होंने तत्काल घटना की सूचना सीपरी बाजार पुलिस को दी। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया तो बाउंड्री के अंदर बच्चों की एयरगन पड़ी मिली। दिलीप राठौर ने बताया कि बदमाश संभवत: खिड़की के रास्ते घर में घुसे और पच्चीस हजार रुपये नकदी, लगभग 80 हजार के जेवर, एलईडी व अन्य सामान चोरी करके ले गए। बदमाशों ने फ्रिज खोलकर पानी भी पिया। कमरे में खाली बोतलें पड़ी मिली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।