झांसी। प्रेमनगर थानांतर्गत बिजौली के इंडस्ट्रियल एरिया में बने कमरों में चल रहे सेक्स रैकेट का मंगलवार को पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया। पुलिस ने संचालिका, तीन सेक्स वर्कर और दो ग्राहकों को गिरफ्तार कर लिया। मौके से पुलिस को तमाम आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद हुई हैं।
पूछताछ में पुलिस को कई और ठिकानों के बारे में जानकारी मिली है।
लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि बिजौली के इंडस्ट्रियल एरिया में बड़े स्तर पर सेक्स रैकेट चल रहा है। विगत माह हुईं उद्योग बंधुओं की बैठक में भी यह मुद्दा काफी छाया रहा था। अधिकारियों ने उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया मगर कुछ नहीं हो सका। यही नहीं, विगत दिवस एक उद्यमी ने पुलिस विभाग और उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम (यूपीएसआईडीसी) से मदद मांगी थी। उसने कहा कि उसके प्लांट पर अवैध रूप से कब्जा करके अनैतिक व्यापार चलाया जा रहा है। इस सूचना पर सक्रिय पुलिस ने मंगलवार की दोपहर एक आईस फैक्टरी के पास बने कमरों में छापा मारा, जहां देह व्यापार चल रहा था। पुलिस ने घेराबंदी करके तीन सेक्स वर्कर और संचालिका के अलावा दो ग्राहकों को पकड़ लिया। पकड़े गए ग्राहक साबिर निवासी अंदर दतिया गेट झांसी व राकेश निवासी विलगांव टीकमगढ़ हैं। संचालिका ने बताया कि उसने करीब 40 वर्ष से खाली पड़े प्लाट पर मुर्गी पालन के लिए कमरे बनवाए थे, जिसमें से एक कमरे में देह व्यापार चलाती थी। उसने बताया वह सेक्स वर्कर से प्रति ग्राहक के हिसाब से कमीशन लेती थी। उसने पुलिस को कई सेक्स वर्कर के बारे में भी जानकारी दी है।
एसपी सिटी गरिमा सिंह ने बताया कि मौके से पुलिस ने तमाम आपत्तिजनक वस्तुएं और बीयर के कैन भी बरामद किए हैं। पूछताछ के दौरान पकड़ी गई महिलाओं ने कई देह व्यापार के ठिकानों के बारे में भी जानकारी दी है, जल्द ही पुलिस उन ठिकानों पर छापेमार कार्रवाई करेगी।