झांसी। नवागंतुक एसएसपी सुभाष चंद्र दुबे ने कहा कि वह सिर्फ जनतंत्र का दबाव मानते हैं, किसी और का नहीं। जनता में पुलिस का इकबाल बुलंद होना चाहिए। जल्द ही माहौल बदलेगा, जनता और सुकून महसूस करेगी। काम नहीं करने वाले पुलिस कर्मियों को निलंबित किया जाएगा।
सुल्तानपुर के मूल निवासी वर्ष 2005 बैच के आईपीएस सुभाषचंद्र दुबे ने कहा कि जनता की समस्या का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा। कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने की किसी को इजाजत नहीं होगी। जनता एक माह के अंदर राहत महसूस करेगी, यह उनका वायदा है। उन्होंने कहा कि अब जुआ और शराब बेचने वाले ही नहीं इनके सरगना जेल जाने को तैयार रहें। पुलिस कार्यशैली को सुधारने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि जो काम नहीं करेगा, वह विभागीय कार्यवाही होने से पहले निलंबित किया जाएगा।
सुभाष चंद्र कन्नौज, श्रावस्ती, हाथरस, औरैया, गाजीपुर, कानपुर देहात, सोनभद्र, आगरा, इलाहाबाद, मुजफ्फरनगर, भदोही के एसएसपी और एसपी एटीएस लखनऊ जैसे प्रमुख पदों पर रह चुके हैं। नक्सली के दांत खट्टे करने वाले श्री दुबे पांच लाख रुपये के जोनल कमांडर मुन्ना विश्वकर्मा, तीन लाख के इनामी लाल और दो लाख के इनामी अजीत कोले को दबोच चुके हैं।