महारानी लक्ष्मीबाई किले के अंदर बुर्ज पर सहायक अध्यापिका स्वाती पाठक (30) का शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। रविवार को कोतवाली पुलिस ने किले में शिक्षिका का मोबाइल खोजा गया, जिससे घटना की वास्तविक जानकारी का पता लग सके।
बृहस्पतिवार को महारानी लक्ष्मीबाई किले के अंदर बुर्ज पर सहायक अध्यापिका स्वाती पाठक का शव मिला था। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। मृतका चार दिन से लापता थी, जिसकी गुमशुदगी भी सीपरी बाजार थाने में दर्ज थी। मौके से पुलिस को तीन पन्नों का सुसाइड नोट, पर्स भी मिले थे। रविवार को कोतवाली पुलिस व मिनर्वा चौकी इंचार्ज सुरेंद्र सिंह ने घटनास्थल पर पहुंचकर पड़ताल की। मृतका के मोबाइल की भी खोजबीन की गई, लेकिन मोबाइल पुलिस के हाथ नहीं लग सका। पुलिस टीम ने किलाकर्मियों से भी घटना की जानकारी ली। शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद शनिवार को बिसरा जांच के लिए आगरा प्रयोगशाला भेजा गया है।