बबीना थाना की भेल चौकी क्षेत्र अंतर्गत आरामशीन तिलकनगर क्षेत्र में रविवार की दोपहर पिता - पुत्र की अर्थी एकसाथ उठीं। इससे क्षेत्र में कोहराम मच गया। हर आंख नम हो उठीं। वहीं, परिवार के लोगों का रो - रो कर बुरा हाल रहा।
व्यापार में कर्ज के बोझ से दबे व्यापारी जितेंद्र पटैरिया के पिता हरिराम पटैरिया की शनिवार की सुबह मौत हो गई थी। पिता की मौत की खबर के सदमे से उसके दूसरे पुत्र धर्मेंद्र पटैरिया ने ललितपुर के शहजाद बांध में कूदकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए। रविवार की दोपहर उनका अंतिम संस्कार हुआ। आरामशीन तिलकनगर स्थित उनके घर से पिता - पुत्र की अर्थी एक साथ उठीं। इससे क्षेत्र में कोहराम मच गया। अंतिम संस्कार में सैकड़ों लोग शामिल हुए। हर आंख में आंसू थे। वहीं, परिजनों का रो - रो कर बुरा हाल रहा। थानाध्यक्ष बबीना ने बताया कि पिता - पुत्र की मौत के मामले में किसी ने भी थाने में कोई तहरीर नहीं दी है।