झांसी। गुमनावारा निवासी आनंद राय को अब इस बात का मलाल है कि उनके घर की खुशियों में इकलौती बेटी कभी शामिल नहीं होगी। उनकी तीन संतानों में सबसे छोटी नेहा अपने दोनों भाइयों की इस कदर लाड़ली थी कि दोनों उसके हर नखरे को सिर-आंखों पर लेते थे। एमए तक पढ़ी नेहा के बड़े भाई हरगोविंद की शादी 29 अप्रैल को होनी थी, लेकिन अब इसको लेकर संशय बना हुआ है।
ललितपुर में कृषि विभाग में कार्यरत आनंद राय का पूरा परिवार गुमनावारा स्थित अपने मकान में शादी की तैयारियों में जुटा हुआ था। घर में खुशियों की धमक थीं। लेकिन, बेटी की मौत की खबर से पल भर में सारी खुशियां मातम में बदल गईं। पिता आनंद राय ने बताया कि भाई की शादी के लिए मैंने अपने पुत्र को बहन को लाने उसकी ससुराल से भेजा था, लेकिन उसके पति रवि राय ने शर्त रख दी थी कि पहले सोने की जंजीर और अंगूठी दो, फिर नेहा को भेजेंगे।
आनंद ने उसे लाख समझाया कि लड़के की शादी के बाद यह मांग भी पूरी कर दी जाएगी। लेकिन, वह नहीं माना। उसने बेटी को मायके तो नहीं भेजा, लेकिन दुनिया से विदा कर दिया।
परिवार के लोगों को कहना है कि हरगोविंद की शादी को लेकर अभी कुछ तय नहीं है। परिवार और रिश्तेदारों से चर्चा करके इस पर निर्णय लिया जाएगा।
पिता की रिवाल्वर से बहाया खून
नवाबाद थाने के प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र कुमार दुबे ने बताया कि रवि राय के पिता महेश राय लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड तीन में प्रशासनिक अधिकारी पद पर कार्यरत हैं। उनके पास लाइसेंसी रिवाल्वर है, जिससे रवि राय ने अपनी पत्नी की हत्या की। रवि ने पत्नी के सीने में दाहिनी तरफ गोली मारी। एक ही गोली में उसकी मौत हो गई। रवि राय को रिवाल्वर समेत गिरफ्तार कर लिया गया है।