जेब काटते पकड़े गए ‘मास्टर साहब’
एक यात्री का पर्स और दूसरे का मोबाइल हुआ बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
यकीन नहीं होगा, लेकिन यह सच है। रविवार की रात मऊरानीपुर के एक मास्टर साहब को संपर्क क्रांति के जनरल कोच में जेब काटते पकड़ा गया। उनके पास से एक यात्री का पर्स और दूसरे का मोबाइल बरामद किया गया। जीआरपी ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
रविवार की रात रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म एक पर खड़ी यूपी संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के जनरल कोच में जीआरपी के क्विक रिस्पांस टीम के जवान जांच कर रहे थे, तभी उनकी नजर एक व्यक्ति पर पड़ी जो बार-बार भीड़ में खड़े यात्रियों की जेब में हाथ फेरने की कोशिश कर रहा था। करीब 55 साल के उस व्यक्ति की उम्र को देख पहले जीआरपी जवानों को यकीन नहीं हुआ, लेकिन जब हरकत बराबर होती रही तो जवानों ने व्यक्ति को नीचे उतार लिया। व्यक्ति की तलाशी में एक पर्स और एक मोबाइल बरामद हुआ, जिनके बारे में वह सही जानकारी नहीं दे सका। पर्स में गरौठा क्षेत्र के मारकुआं निवासी हुकुम चंद्र का आधार कार्ड मिला और फोन नंबर मिला। फोन नंबर पर कॉल की गई तो हुकुम चंद्र ने बताया कि वे यूपी संपर्क में यात्रा कर रहे है और पर्स झांसी में चोरी हो गया है। इसी तरह मोबाइल नंबर यूपी संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर निवासी शहनबाज का निकला। शहनबाज पाल कालोनी में अपने मामा के पास रहकर बिजली मेकेनिक का काम करता है और यूपी संपर्क क्रांति से अपने घर जा रहा था। हकीकत सामने आने पर आरोपी कोई जवाब नहीं दे सका। आरोपी का नाम मऊरानीपुर के दमेले चौक के पास किराए का मकान निवासी श्याम सुंदर पाठक है। जीआरपी प्रभारी निरीक्षक रघुवीर सिंह ने बताया कि आरोपी मऊरानीपुर के एक स्कूल में पढ़ाता है।