.....................
अपने सिपाही से ही कुछ नहीं उगला सकी जीआरपी
सोना भी नहीं मिला, साथी की तलाश में चार टीमों का गठन
सराफा व्यापारी के कर्मचारी की लूट का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
रेलवे स्टेशन पर सराफा व्यापारी के कर्मचारी अनिल कुमार सोनी से लूट के मामले में आरोपी सिपाही हरीशंकर गौतम से दूसरे दिन भी जीआरपी कुछ नहीं उगला सकी। एक किलो सोने का भी कोई पता नहीं चल सका। जीआरपी अब सिपाही के साथ मौजूद उसके साथी की तलाश में जुट गई है। इसके लिए चार टीमों का गठन किया गया है।
रेलवे स्टेशन परिसर से बृहस्पतिवार की रात बांदा के चौक बाजार निवासी सराफा व्यापारी संजय अग्रवाल के कर्मचारी अनिल कुमार सोनी से जीआरपी के सिपाही हरीशंकर गौतम ने तीस लाख से अधिक कीमत का एक किलो सोना छीन लिया था। जीआरपी थाना पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर सिपाही और उसके एक अज्ञात साथी के खिलाफ लूट की रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। शुक्रवार रात भी जीआरपी पूछताछ में अपने सिपाही से कुछ नहीं उगला सकी। जबकि, चंबल एक्सप्रेस से उतरने के बाद आरोपी सिपाही और उसका साथी अनिल पीछा करते हुए आठ जगह सीसीटीवी फुटेज में दिखाई पड़ रहे हैं। जबकि, सिपाही आरोप से साफ इंकार कर रहा है। जीआरपी ने अब सिपाही के साथी की तलाश शुरू कर दी है, ताकि उसके पकड़े जाने के बाद आरोपी सिपाही के झूठ से पर्दा उठ सके।
एसपी (रेलवे) डॉ. ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि जांच के तथ्यों से आरोपी सिपाही का शामिल होना साफ नजर आ रहा है। चूंकि, वह जुर्म स्वीकार नहीं कर रहा है। इसलिए पहले उसके साथी की तलाश की जा रही है। उसकी गिरफ्तारी के लिए चार टीमों का गठन किया गया है।
ये रहे सबूत
-------------------
- सीसीटीवी फुटेज में आठ जगह सिपाही और एक अन्य व्यक्ति पीड़ित का पीछा करते नजर आ रहे हैं।
- घटना के समय सिपाही ने गर्म वर्दी पहनी थी और बाद में वर्दी बदलकर दोबारा प्लेटफार्म ड्यूटी पर पहुंच गया।
- सिपाही ने थाने में भी मोबाइल पर सूचना दी कि उसने किसी को गांजा या अन्य किसी मादक पदार्थ के साथ पकड़ा है।
- पीड़ित ने सिपाही की खुद पहचान की है।
पिछले छह महीने की बड़ी घटनाएं
--------------------------
- 19 अक्तूबर को रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर खड़ी राजधानी एक्सप्रेस से बीएसएफ के एएसआई आशीष कुमार सिंह का बैग चोरी। बैग में विभागीय 21 वॉकी टॉकी रखे थे। सीसीटीवी में आरोपी बैग ले जाता दिखाई दे रहा है। अभी तक खुलासा नहीं।
- 26 अगस्त की रात महाराष्ट्र के पुलगांव से पठानकोट जा रही मिलेट्री स्पेशल मालगाड़ी के सेना के चार बम चोरी।
- 24 अगस्त को बिहार के कैमूर जिले के थाना मोहनिया के गांव मुखरी निवासी इंजी राहुल सिंह की मऊरानीपुर के पास चंबल एक्सप्रेस से गिरने पर मौत। आरपीएफ की पांच आरक्षियों समेत आठ पर लगा ट्रेन से गिराने का आरोप। जांच चल रही है।
- 29 जुलाई की रात महाकौशल एक्सप्रेस से झांसी आए उल्दन के दादपुरा निवासी महेंद्र और उसकी पत्नी मीरा प्लेटफार्म छह पर जहरखुरानी का शिकार बने। उपचार के दौरान मीरा की मौत।
- 13 जून की रात प्लेटफार्म तीन से भोपाल के गांधीनगर निवासी रामकुमार धाकड़ के तीन साल के बेटे प्रिंस का अपहरण। 19 जून को मिला।
- 16 मई को टीकमगढ़ के टेहरका क्षेत्र के जीओर गांव निवासी राजमिस्त्री रामकिशोर के छह माह के बेटा अभिषेक प्लेटफार्म से चोरी। 12 दिन बाद मिला।
छह माह में हुई तीन सौ चोरियां
--------------------------
जीआरपी झांसी अनुभाग के अंतर्गत आने वाले स्टेशनों से जुड़े क्षेत्रों में पिछले छह माह में तीन सौ से अधिक चोरियां दर्ज की गई हैं। इनमें अधिकांश वे चोरियां थीं, जो यात्री ने अपने स्टेशन पर पहुंचने के बाद दर्ज कराईं, जिनको बाद में झांसी जांच के लिए भेज दिया गया। इनमें पचास फीसदी चोरियां मोबाइल चोरी की हैं।