फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

औरेया से लूटा गया ट्रक पटियाली से बरामद, चार बदमाश गिरफ्तार

Sat, 22 Dec 2018 01:24 AM IST
Priyesh Mishra न्यूज डेस्क, अमर उजाला, झांसी
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
झांसी से हरदोई जा रहे गिट्टी से भरे ट्रक को बदमाशों ने औरैया में लूट लिया। चालक परिचालक को बंधक बनाकर लुटेरे पटियाली के जंगलों में फेंक गए। सूचना पर सक्रिय पटियाली पुलिस ने चार लुटेरों को गिरफ्तार कर ट्रक बरामद कर लिया। बदमाशों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बोलेरो कार और तमंचा कारतूस बरामद किए गए हैं।
विज्ञापन


मंगलवार को जनपद झांसी के बड़ागांव निवासी ट्रक चालक राजू पुत्र रामचरन, क्लीनर कोमल सिंह पुत्र उदयवीर सिंह ट्रक में गिट्टी भरकर झांसी से हरदोई जा रहे थे। बुधवार रात लगभग ढाई बजे जिला औरैया के थाना बेला क्षेत्र से बोलेरो सवार बदमाशों ने तमंचों के बल पर चालक, क्लीनर को बंधक बना लिया और ट्रक लूट लिया। गुरुवार को लुटेरे चालक, क्लीनर को पटियाली के गांव तेली भमौरा के समीप जंगल में फेंक गए। घटना की जानकारी पर पटियाली पुलिस ने जंगल में पहुंचकर चालक, क्लीनर को बंधक मुक्त कराया।

एसपी अशोक कुमार शुक्ल के निर्देश पर पटियाली में घटना की प्राथमिकी दर्ज की गई। एएसपी पवित्र मोहन त्रिपाठी के नेतृत्व में स्वाट टीम, सर्विलांस टीम, पटियाली पुलिस की संयुक्त टीमें घटना के खुलासे को लगाईं गईं। सक्रिय पुलिस ने शुक्रवार को बल्लूपुर स्टेशन रोड नगला मोहन तिराहे से चार बदमाशों देवराज निवासी भंगेल खेड़ी, गौतम बुद्ध नगर, रामपाल निवासी गांव नगला चती, जिला इटावा, मनीष निवासी नगला गुदे, भरथना, अरविंद निवासी गांव लखमीपुर, थाना अमांपुर को गिरफ्तार कर लिया। एसपी अशोक कुमार शुक्ल ने लुटेरों से पूछताछ की है।
विज्ञापन


जीपीएस बना मददगार
ट्रक में जीपीएस था। ट्रक स्वामी रविंद्र कुमार ने रात के समय ट्रक की लोकेशन ली तो ट्रक आउट ऑफ ट्रैक नजर आया उसकी लोकेशन पटियाली क्षेत्र में मिल रही थी। चालक और क्लीनर का मोबाइल भी बंद था। अनहोनी की आशंका हुई तो ट्रक स्वामी ने एसपी अशोक कुमार शुक्ल से संपर्क किया। इसके बाद पुलिस ने जीपीएस की लोकेशन के आधार पर कार्रवाई की और सफलता मिली।

घटना चुनौतीपूर्ण थी। खुलासे के लिए पुलिस की टीमें लगाई गईं। टीमों ने महज कुछ घंटों में घटना का सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। सफलता प्राप्त करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार दिया है। अशोक कुमार शुक्ल, एसपी
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें