एक जमीन को बेच दिया कई बार
- पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। थाना नवाबाद में राजकीय पॉलीटेक्निक के पास एक जमीन को कई बार बेचने के मामले में बृहस्पतिवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
थाना प्रेमनगर के खाती बाबा निवासी सुरेश कुमार गुप्ता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उन्होंने मोहल्ला मेवातीपुरा निवासी अनिल वर्मा से पॉलीटेक्निक के पास एक प्लॉट खरीदा था। उसकी पूरी कीमत भी अदा कर दी थी। जब वह कब्जा लेने पहुंचे तो एक अन्य व्यक्ति ने आकर उसे अपना प्लॉट बताया। इससे विवाद की स्थिति पैदा हो गई। पड़ताल के बाद पता चला कि उक्त प्लॉट पर चार लोगोें का कब्जा है। एक हिस्से पर स्वयं अनिल वर्मा काबिज है। जानकारी मिलने के बाद कई और लोग आकर कब्जा जताने लगे, जिससे फिर से विवाद की स्थिति बन गई, तो पुलिस पहुंच गई थी। बाद में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। काफी समय से अनिल वर्मा पुलिस के हाथ नहीं आ रहा था। बृहस्पतिवार को थाना नवाबाद पुलिस ने उसेे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।