अधिकारियों की मौजूदगी में तोड़ा समिति के कक्ष का ताला
तालबेहट।
साधन सहकारी समिति पूराकलां में लगभग एक माह पहले लगाया ताला बुधवार को डीएम के निर्देश पर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में तोड़ दिया गया। इस दौरान कक्ष में से 18 हजार पांच सौ चालीस रुपये की नगदी और सामान मिला। समाचार लिखे जाने तक लिस्ट तैयार की जा रही थी। बताते चले कि साधन सहकारी समिति पूराकलां में तैनात एक विवादास्पद सचिव की कार्यप्रणाली से परेशान विभागीय अधिकारियों के निर्देश पर डीके शुक्ला और एडीओ अर्जेंद्र सिंह की मौजूदगी में 20 सितंबर को ताला लगा दिया गया था। इसके बाद फसल कटाई के बाद जब किसानों को समिति से लेनदेन और ऋण माफी योजना के बारे में जानकारी करने में परेशानी होने लगी तब उन्होंने इस बात का दुखड़ा डीएम मानवेंद्र सिंह को सुनाया।
डीएम के निर्देश पर बुधवार को सुबह तहसीलदार राजेंद्र बहादुर और एडीओ अर्जेंद्र सिंह ने मौके पर जाकर समिति के पदाधिकारी और गणमान्य लोगों की मौजूदगी में ताला तुड़वाया। इस दौरान उन्हें लगभग 18 हजार पांच सौ 40 रुपये तथा 146 डीएपी खाद की बोरियां आदि सामान मिला। समाचार लिखे जाने तक मौके पर मिले सामान की लिस्ट तैयार की जा रही थी। इस मौके पर साधन सहकारी समिति तालबेहट के सचिव सीताराम यादव, पूराकलां समिति के सभापति राजाराम, अंकिक धनीराम झा और पहलवान सिंह आदि मौजूद रहें।