सटोरिये ने बीच चौराहा युवती को पीटा
झांसी। इलाइट चौराहा पर उस समय अफरा-तफरी का माहौल हो गया, जब एक सटोरिये ने बैंक कर्मी युवती की पिटाई कर दी। यह देखकर चौराहा पर मौजूद पुलिसकर्मी सटोरिये को पकड़कर थाने ले आए। सूचना मिलते ही उसकी पैरवी करने पुलिसकर्मी से लेकर नेता ने डेरा जमा लिया। युवती को मामला दर्ज न कराने के लिए दबाव भी बनाया गया। अंत में युवती को समझाने में कामयाब हुए पुलिसकर्मियों ने सटोरिये का शांतिभंग में ही चालान करा दिया।
चंदा होटल के पीछे रहने वाली एक युवती कचहरी चौराहा स्थित एक बैंक में कार्यरत है। शनिवार की सुबह वह स्कूटी से बैंक के लिए निकली। वह इलाइट चौराहा के पास पहुंची ही थी, तभी पीछे से बाइक सवार एक सटोरिये ने टक्कर मार दी। दोनों ही लोग जमीन पर गिर गए। इसके बाद गुस्साए बाइक सवार ने युवती को पीटना शुरू कर दिया। यह देखकर चौराहा पर भीड़ लग गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को पकड़ लिया। नवाबाद थाने लाकर पुलिस के हवाले कर दिया। सटोरिये के पकड़े जाने की खबर मिलते ही कई पुलिसकर्मियों व नेताओं का जमावड़ा लग गया। सभी उसे छुड़ाने केे लिए पैरवी करने लगे। दूसरी तरफ, युवती भी मुकदमा दर्ज कराने पर अड़ गई। इसी बीच एक पुलिसकर्मी ने मुकदमा दर्ज न कराने के लिए दबाव बनाया। अंत में युवती ने समझौता करना ही उचित समझा। पुलिस भी मौका देखकर शांति भंग में चालान करने में कामयाब रही।