झांसी। गोशालाओं में गाय की मौत से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डीएम का घेराव करते हुए दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि गोशालाओं में भूसे की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। इस वजह से गोवंश की मौत हो रही। मऊरानीपुर के इटायल गांव में बनी गोशाला में पिछले दिनों गोवंशों की अचानक मौत हो गई। गोशाला से उनके शव भी नहीं हटवाए गए। गोशाला की दुर्दशा का वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ। स्थानीय लोगों का कहना था कि गोशाला में भूसा नहीं था। इस वजह से गोवंशों की मौत हो रही। इस मामले को लेकर मंगलवार को तहसील दिवस में गए जिलाधिकारी आंद्रा वामसी का कांग्रेस अध्यक्ष शिवनारायण परिहार की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने घेराव किया। कांग्रेस नेता ने मृत जानवरों के पोस्टमार्टम की मांग करते हुए कहा कि भूख से मौत होने की पुष्टि होने पर दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि जनपद की सभी गोशालाओं में खाने-पीने का इंतजाम नहीं है। पशुओं को ठंड से बचाने का भी कोई इंतजाम नहीं हैं। गोवंशों की दुर्दशा के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।