झांसी। शनिवार को भी मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल में कोरोना की जांच शुरू नहीं हो सकी। जबकि, खांसी-जुकाम के मरीजों के अस्पताल पहुंचने का क्रम बना हुआ है। शनिवार को तेज बुखार की वजह से 11 मरीजों को भर्ती किया गया। वहीं, संक्रमण के संभावित खतरे के मद्देनजर तैयारियां जारी हैं। मरीज सामने आने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक की पांचवीं मंजिल पर भर्ती किया जाएगा। जिला अस्पताल के डॉ. डीएस गुप्ता ने बताया कि बुखार, खांसी-जुकाम के चार रोगियों को भर्ती किया गया है। वहीं, मेडिकल कॉलेज के एसआईसी डॉ. सचिन माहुर ने बताया तेज बुखार व खांसी के सात रोगियों को भर्ती किया गया है। जांच किट आने के बाद सोमवार से कोरोना की जांच शुरू होने की उम्मीद है। सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक की पांचवीं मंजिल पर अब सिर्फ कोरोना के रोगियों को भर्ती करने की व्यवस्था की गई है। ब्यूरो