परीक्षा में उत्तीर्ण होने की खुशी के जश्न पर कोरोना ने फीका कर दिया। संक्रमण से बचाव के चलते कई विद्यार्थी घर से बाहर नहीं निकल सके। विद्यार्थियों ने घर पर रहकर वीडियो कॉल के जरिये एक-दूसरे को बधाई दी। हर साल परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले परीक्षार्थी साथियों के साथ जगह-जगह पार्टी कर मस्ती करते थे। परिणाम देखने के लिए भी परीक्षार्थी स्कूल पहुंचते थे। लेकिन इस बार कोरोना ने विद्यार्थियों के जश्न पर पहरा लगा दिया। संक्रमण से बचाव के चलते अभिभावकों ने भी उन्हें घर से बाहर जाने से मना कर दिया। ऐसे में अच्छे अंकों से पास होने के बाद पार्टी की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के अरमानों पर पानी फिर गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने एक-दूसरे को फोन पर बधाइयां दीं। परीक्षार्थी अपने साथियों से फोन पर अंकों की जानकारी करते रहे। कई परीक्षार्थियों ने अच्छे अंक आने पर अपने रिजल्ट को व्हाट्सएप ग्रुप पर एक दूसरे के साथ साझा किया। अभिभावकों ने अपने होनहारों को मिठाई खिलाकर बधाइयां दीं।