कोरोना से माता-पिता को खोने वाले बच्चों का सहारा बनेंगे आप और हम
झांसी। कोरोना संक्रमण ने जिले में कई बच्चों से उनके माता-पिता को छीन लिया है। प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन की ओर से भी ऐसे बच्चों की परवरिश और भविष्य को सुरक्षित करने की पहल की जा रही है। ऐसे बच्चों को बाल कल्याण समिति के तहत तमाम योजनाओं और सहायता देने की कवायद हो रही है। लेकिन अभी सरकार और प्रशासन ऐसे कुछ ही बच्चों को खोज सके हैं। अमर उजाला ऐसे बच्चों की पहचान का अभियान शुरू कर रहा है। हम सरकार, जिला प्रशासन और जरुरतमंद बच्चों के बीच सेतु बनकर उन्हें मदद दिलवाने का प्रयास करेंगे। आपको अपने आसपास ऐसे बच्चों के बारे में कोई जानकारी हो तो कृपया हमें 7617566165 पर व्हाट्सएप के जरिए बताएं अथवा jhs-cityreporter@jhs.amarujala.com पर ई-मेल करें। अगर आपके पास बच्चों का कोई फोटो हो तो उसे भी भेजें।