झांसी। कोरोना वायरस का संक्रमण एक बार फिर से अपना दायरा बढ़ाने लगा है। बुधवार को दो लोगों में इस महामारी की पुष्टि हुई है। इनमें एक गर्भवती महिला है, जबकि दूसरा मेडिकल कॉलेज का कर्मचारी है। दोनों को होम आइसोलेशन में भेज दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने इन मरीजों की निगरानी शुरू कर दी है। अब इनके संपर्क में आए लोगों की भी जांच कराई जाएगी।
कोरोना वायरस का संक्रमण ललितपुर में तेजी से अपना दायरा बढ़ा रहा है। लेकिन, अब इसकी सक्रियता झांसी में भी नजर आने लगी है। बुधवार को हंसारी निवासी 27 साल की गर्भवती महिला में इस बीमारी की पुष्टि हुई। महिला को पिछले कुछ दिनों से बुखार आ रहा था। इस पर वह जांच कराने जिला महिला अस्पताल पहुंची थी। यहां कोरोना की जांच में उसमें संक्रमण पाया गया। इसी तरह मेडिकल कॉलेज के कर्मचारी को भी पिछले कुछ दिनों से बुखार था। लगातार दवा लेने के बाद भी उसे आराम नहीं मिल रहा था। इस पर उसने कोरोना की जांच कराई, जिसमें संक्रमण पाया गया।
बता दें कि वर्तमान में झांसी में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या तीन हो गई है। महामारी के बढ़ते दायरे को ध्यान में रखते हुए झांसी में अब रोजाना औसतन 250-300 जांच की जाने लगी हैं।
अस्पतालों में नहीं है कोरोना की वैक्सीन
झांसी। झांसी के सरकारी अस्पतालों में कोरोना की वैक्सीन पिछले काफी समय से नहीं है। जबकि, टीकाकरण केंद्रों को पहले ही बंद किया जा चुका था। सीएमओ डा. सुधाकर पांडेय ने बताया कि कोरोना की पहली और दूसरी डोज लगभग शत प्रतिशत लोगों को लग गई है। तीसरी डोज भी अस्सी फीसदी लोग लगवा चुके हैं। ऐसे में शासन से ही वैक्सीन की आपूर्ति बंद कर दी गई है।