अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। मतदान आरंभ होने के साथ ही कंट्रोल रूम के फोन घनघनाने लगे। कुछ जगहों से सही शिकायतें आ रही थीं जबकि कई जगहों से आई शिकायतें गलत भी पाईं गईं। मऊरानीपुर से कुछ लोगों ने वोट न डाले जाने की शिकायत की। कंट्रोल रूम से इसकी सूचना एसडीएम एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट को दी गई। आनन-फानन में यहां प्रशासनिक अमला जा पहुंचा। कुछ जगहों पर फर्जी मतदान की शिकायत मिलीं। कहीं से मतदाता सूची में नाम न होने की शिकायतें आईं। गरौठा के दुरखुरू गांव में पोलिंग स्टेशन के दूर होने की मतदाताओं ने शिकायत की। टहरौली के सेरिया बूथ पर भी वोटरों के बहिष्कार करने की सूचना आई। सूचना पर यहां भी अफसरों को भेजा गया। वहीं, कई जगहों से फर्जी सूचनाएं भी दिन भर आती रहीं। टहरौली में पूरे मजरे का नाम वोटर लिस्ट से काट दिए जाने की शिकायत आई, हालांकि जब यहां की मतदाता सूची देखी गई तब मजरे के लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल थे। इसी तरह कहीं-कहीं से मारपीट की सूचना भी मिल रही थी। सूचना मिलने पर फोर्स को भेजा गया लेकिन, यह सूचना गलत निकली। कंट्रोल रूम में एडीएम श्यामलता आनंद, एसडीएम सना अख्तर, उपनिदेशक उद्यान विनय कुमार यादव समेत अन्य अफसर मौजूद रहे।