जिले में कोरोना के मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। मरीजों के संपर्क में आने वाले लोगों में भी बीमारी का खतरा बना हुआ है। इससे निपटने के लिए प्रशासन ने मरीजों के संपर्क में आने वाले लोगों की पड़ताल का काम तेजी से शुरू कर दिया गया है। इसमें बेसिक शिक्षा परिषद के अध्यापकों का भी सहयोग लिया जा रहा है। इस काम में 27 शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। पहली पाली (सुबह 8 से शाम 4 बजे) व दूसरी पाली (शाम 4 से रात 12 बजे) में 10-10 शिक्षकों को तैनात किया जाएगा। जबकि, तीसरी पाली (रात 12 से सुबह 8 बजे) में 7 शिक्षक अपनी ड्यूटी को अंजाम देंगे। तीनों पालियों के अलग-अलग प्रभारी जिला स्काउट मास्टर सुनील द्विवेदी, जिला व्यायाम शिक्षक मुहम्मद अनीस व शिक्षक शिवकुमार पाराशर को बनाया गया है। शिक्षकों को कलेक्ट्रेट स्थित जन सुविधा केंद्र /कंट्रोल रूम में प्रभारी अधिकारी के दिशा निर्देशन में कांटेक्ट ट्रेसिंग का काम करेंगे। कोरोना मरीजों की कांटेक्ट ट्रेसिंग का काम पहले से जारी है। लेकिन, अब मरीजों की संख्या बढ़ने के साथ ये काम और भी तेज कर दिया गया है। इसमें बेसिक शिक्षा परिषद के अध्यापकों की भी ड्यूटी लगाई गई है। - संजीव कुमार मौर्य, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट