झांसी। नीट-यूजी परीक्षा परिणाम 2024 में हुई गड़बड़ी के विरोध में कांग्रेस ने पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य के नेतृत्व में प्रदर्शन कर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए परीक्षा रद्द करने की मांग की।
कचहरी चौराहा स्थित महात्मा गांधी उद्यान पर एकत्रित कांग्रेसियों ने नीट रद्द करो, छात्रों के साथ खिलवाड़ बंद करो और शिक्षा मंत्री इस्तीफा दो लिखी तख्तियां हाथों में लेकर प्रदर्शन किया। इसके बाद सभी नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे और यहां राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य ने नीट रद्द करते हुए एनटीए द्वारा कराई गई सभी परीक्षाओं की जांच सीबीआई से कराने, युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले शिक्षा माफिया के खिलाफ कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की। इस अवसर पर प्रदेश सचिव मनीराम कुशवाहा, पूर्व शहर अध्यक्ष इम्तियाज हुसैन, अफजाल हुसैन, आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष अरशद खान, महानगर अध्यक्ष ग्यादीन कुशवाहा, प्रांतीय सचिव पुत्तू सिंह कुशवाहा आदि मौजूद रहे। संवाद