झांसी। विधानसभा चुनाव में झांसी समेत प्रदेश भर में कांग्रेस का निराशाजनक प्रदर्शन रहने का असर अब नगर निकाय चुनाव में भी साफ देखने को मिल रहा है। खासकर ग्रामीण इलाकों में पार्टी की स्थिति ज्यादा ठीक नजर नहीं आ रही है। हाल ये है कि नगर निकाय की एक तिहाई सीटों पर पार्टी को चेयरमैन और अध्यक्ष पद के दावेदार नहीं मिल पाए हैं।
झांसी में नगर पालिका की पांच और नगर पंचायत की सात सीटें हैं। सभी सीटों पर आरक्षण जारी हुए 10 दिन से ज्यादा समय बीत गया है मगर नगर पालिका गुरसराय में चेयरमैन पद के लिए कांग्रेस पार्टी के किसी भी दावेदार ने आवेदन नहीं किया है। टोड़ी फतेहपुर और गरौठा नगर पंचायत में भी यही स्थिति है। वहीं, नगर पालिका समथर में तीन और मऊरानीपुर, बरुआसागर व चिरगांव में दो-दो लोगों ने चेयरमैन पद का प्रत्याशी बनाने के लिए आवेदन किया है। वहीं, नगर पंचायत रानीपुर में चार, बड़ागांव में तीन व मोंठ, एरच और कटेरा में दो-दो दावेदार अब तक सामने आ चुके हैं।
मेयर के लिए अब तक छह ने ठोकी दावेदारी
कांग्रेस महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने बताया कि मेयर पद का प्रत्याशी बनाए जाने के लिए अब तक छह लोगों ने आवेदन किया है। जब आरक्षण तय नहीं हुआ था, तक आठ लोगों ने आवेदन किया था। इसमें एक अनुसूचित जाति और बाकी सामान्य व पिछड़े वर्ग के थे।
अभी नगर पालिका गुरसराय में चेयरमैन और नगर पंचायत टोड़ी फतेहपुर व गरौठा में अध्यक्ष पद के लिए कोई आवेदन नहीं आया है। मगर आने वाले समय में कई लोग आवेदन करेंगे। चुनाव लड़ाने के लिए पार्टी के पास कई मजबूत प्रत्याशी हैं। - भगवान दास कोरी, जिलाध्यक्ष, कांग्रेस।