दतिया। जिला कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को किला चौक पर भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेसियों ने मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा का पुतला फूंककर नारेबाजी की। यह प्रदर्शन खातेगांव थाना प्रभारी टीआई दिलीप पुरी गोस्वामी की शराब माफिया द्वारा ट्रक से कुचलकर हत्या किए जाने के विरोध में था। पुलिसकर्मियों ने पुतला दहन रोकने का प्रयास किया, जिससे पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच छीना-झपटी हुई। इस दौरान जिला कांग्रेस संगठन महासचिव नरेंद्र गुर्जर का हाथ जल गया। कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश में पुलिस अधिकारियों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने शराब माफिया की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस अवसर पर दतिया विधायक घनश्याम सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। संवाद