झांसी। विभिन्न मांगों को लेकर सिंचाई विभाग के बेतवा भवन में प्रदर्शन करने जा रहे किसानों की पुलिस से जमकर नोकझोंक हुई। गांधी उद्यान में प्रदर्शनकारी किसान सोमवार को जुलूस संग सिंचाई विभाग को घेरने निकले। किसान रक्षा पार्टी अध्यक्ष गौरीशंकर बिदुआ की अगुवाई में किसानों का जत्था जैसे ही इलाइट चौराहा पहुंचा यहां मौजूद पुलिस बल ने किसानों को रोक लिया। तब तक मौके पर एसपी सिटी विवेक त्रिपाठी भी भारी पुलिस बल को लेकर वहां पहुंच गए। पुलिस ने ट्रैक्टर ले जाने से मना करते हुए उसकी चाबी निकालकर अपने पास रख ली। यह देख किसान नेता भड़क गए। वहीं पर किसानों ने नारेबाजी शुरू कर दी। किसान नेता सिंचाई विभाग तक जाने पर अड़ गए। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस उनको आगे जाने देने पर राजी हो गई। इसके बाद सभी किसान बेतवा भवन पहुंचे। यहां चौ. चरण सिंह की प्रतिमा के सामने अपनी मांगों के समर्थन में उन्होंने सभा शुरू कर दी। किसान नेता मौके पर वरिष्ठ सिंचाई अफसरों को बुलाने की मांग पर अड़े थे। अधिकारियों के समझाने पर किसान ज्ञापन सौंपकर वापस लौट गए। इस दौरान रामजी सिंह, मुदित चिरवरिया, अमर सिंह, पप्पू पाल, राज कुशवाहा, सावित्री, भगवती, हीराबाई, राहुल, राजेश, रामसेवक समेत अन्य मौजूद रहे।