संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। बृहस्पतिवार को आउटसोर्सिंग विद्युत कर्मियों ने कार्य के दौरान जान गंवाने वाले कर्मियों के परिजनों को दुर्घटना क्षतिपूर्ति दिए जाने की मांग को लेकर जिलाधिकारी व अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन सौंपा। जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों से वार्ता कर एक सप्ताह में भुगतान कराने का आश्वासन दिया।
ज्ञापन में बताया कि 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र बांसी में लाइनमैन के पद पर तैनात आउटसोर्सिंग कर्मी जगभान कुशवाहा की 11 हजार माह पूर्व हाईटेंशन लाइन से मौत हो गई थी। परिजनों व संगठन के पदाधिकारियों ने क्षतिपूर्ति दिलाने की मांग की थी, लेकिन अब तक भुगतान नहीं किया गया। मृतक के परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। उनके सामने पालन पोषण का संकट खड़ा हो गया है। कर्मियों ने चेतावनी दी कि 11 जून तक क्षतिपूर्ति राशि का भुगतान न होने पर सभी कर्मचारी कार्य बहिष्कार करेंगे। ज्ञापन पर विवेक श्रीवास्तव, प्रीति, राहुल, अब्दुल हक, सोनसिंह, रविंद्र, दिनेश, सुनील, सौरभ आदि के हस्ताक्षर बने हैं।
-
आउटसोर्सिंग कर्मी रहे जगभान कुशवाहा के परिजनों को क्षतिपूर्ति दिए जाने के लिए जिलाधिकारी ने निर्देशित किया है। कंपनी से जल्द ही क्षतिपूर्ति दिलाई जाएगी।
- गोविंद जायसवाल, अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड, प्रथम