अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। मंगलवार को जिलाधिकारी ने विभागों की वसूली की मासिक समीक्षा की। कम वसूली पर वाणिज्यकर विभाग को फटकार लगाई। डीएम ने सभी विभागों को वार्षिक लक्ष्य के सापेक्ष कार्ययोजना बनाकर वसूली बढ़ाने के निर्देश दिए।
समीक्षा में सामने आया कि वाणिज्यकर विभाग ने महीने में 109.59 के सापेक्ष 63.11 करोड़ रुपये की ही वसूली की है। डीएम ने गहरी नाराजगी जताते हुए विभागीय अफसरों को फटकार लगाई। कहा कि शासन द्वारा दिए गए लक्ष्य के सापेक्ष वसूली की स्थिति संतोषजनक नहीं है। सभी विभाग प्रवर्तन कार्यों में तेजी लाएं, ताकि वसूली लक्ष्य को शत प्रतिशत पूर्ण किया जा सके। डीएम ने कहा कि गाइड लाइन से अलग संचालित हो रहे डीजे पर सख्त कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कराएं। एसडीएम व तहसीलदार गरीब व्यक्तियों को न्याय दिलाने के दृष्टिगत कार्य करें। कृषक दुर्घटना प्रकरणों की संवेदनशीलता से जांच करें, ताकि योजनाओं के उद्देश्य को पूरा करते हुए गरीब को लाभान्वित किया जा सके। इस मौके पर एडीएम एके सिंह, वरुण कुमार पांडेय, नगर मजिस्ट्रेट विधेश कुमार आदि मौजूद रहे।