महानगर में स्मार्ट सिटी मिशन के तहत बनने वाले कमांड सेंटर का काम जल्द शुरू करने की तैयारी कर ली गई है। नगर निगम भवन में तीसरे तल पर होने वाले काम के लिए कार्यदायी संस्था के प्रजेंटेशन के बाद फाइल एनआईसी को भेजी गई है। एनआईसी से तकनीकी परीक्षण होने के बाद कंपनी काम शुरू कर देगी। कमांड सेंटर बन जाने से पूरे शहर पर कैमरे से निगाह रखी जा सकेगी। स्मार्ट सिटी मिशन के तहत महानगर में 180 करोड़ की लागत से इंट्रीगेटेड कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम (ट्रिपल आईसी) बनाया जाना है। इसका निर्माण लार्सन एंड टूब्रो कंपनी को सौंपा है। निगम के तीसरे फ्लोर बनने वाले सेंटर के लिए 2500 वर्ग फुट स्थान तैयार कर लिया। जिसमें हाई स्पीड डेटा प्रोसेसिंग मशीनें लगाई जाएंगी। इनको पूरे शहर में लगे कैमरों से जोड़ा जाएगा। इसके जरिये सर्विलांस, सीसीटीवी, जीपीएस सिग्नल प्रणाली, वाहनों के नंबरों की पहचान, बैरियर एवं मेसेज डिसप्ले बोर्ड के संदेश संचालित होंगे। इसके अलावा साफ सफ ाई, यातायात व्यवस्था, जलापूर्ति, सीवरेज, बिजली आपूर्ति, सिग्नल प्रणाली, डिस्प्ले, भीड़ नियंत्रण, वाहनों की चेकिंग जैसे कार्य भी यहां संचालित हो सकेंगे। लॉकडाउन से पहले टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई थी। नगर आयुक्त मनोज कुमार सिंह ने बताया कि कमांड सेंटर के लिए जगह को चिह्नित करने के साथ कंपनी ने प्रजेंटेशन दे दिया है। अगले माह से काम शुरू कराने की तैयारी है।