झांसी। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2021-22 की कार्ययोजना अनुमोदित कर दी गई। अब रंगीन मछलियों को बढ़ावा दिया जाएगा।
शनिवार को विकास भवन सभागार में मत्स्य विभाग की जिला स्तरीय कमेटी की बैठक जिलाधिकारी आंद्रा वामसी की अध्यक्षता में हुई। उप निदेशक ज्ञानेंद्र सिंह ने कार्ययोजना प्रस्तुत की। इसके अनुसार जनपद में एक मत्स्य हैचरी, 16 निजी तालाब निर्माण, एक लघु आरएएसए, तीन जिंदा मछली विक्रय केंद्र, 13 मोटर साइकिल विद आईसबाक्स, छह थ्रीव्हीलर विद आईसबाक्स, तीन बायोफ्लोक निर्माण, एक लघु मत्स्य आहार मिल और पांच वृहद बायोफ्लोक टैंक की कार्ययोजना अनुमोदित हुई। शशांक भट्टाचार्य की रंगीन मछलियों के आवेदन को समिति के मूल्यांकन के बाद स्वीकृति दी जाएगी। इससे बुंदेलखंड में रंगीन मछलियों के व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। बैठक में मछली पालन योजनाओं की धनराशि 5.43 करोड़ रुपये की स्वीकृत हुई। इस दौरान अधिशासी अभियंता बेतवा उमेश कुमार, जिला कृषि अधिकारी केके सिंह समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।