झांसी। घना कोहरा छाया होने की वजह से पिछले एक सप्ताह से ट्रेनों की रफ्तार बुरी तरह से प्रभावित बनी हुई है। इसका अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि बृहस्पतिवार को दिल्ली की ओर से आने वाली सचखंड एक्सप्रेस 29 घंटे की देरी से आई। इसके अलावा अन्य ट्रेनें भी घंटों की देरी से चलीं, जिससे यात्रियों को खासी परेशानी उठानी पड़ी।
पिछले एक सप्ताह से मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। शीत लहर के बीच घना कोहरा छाया हुआ है। कोहरे ने ट्रेनों की रफ्तार को भी थाम रखा है। दिल्ली की ओर से आने वाली ट्रेनों का हाल सबसे खराब है। बृहस्पतिवार को मंगला एक्सप्रेस 9.50 घंटे की देरी से यहां आई। जबकि, उत्कल एक्सप्रेस ने यात्रियों को साढ़े आठ घंटे इंतजार कराया। श्रीधाम एक्सप्रेस 2.40 घंटे और तेलंगाना 2.30 घंटे की देरी से यहां पहुंची। मुंबई राजधानी एक्सप्रेस डेढ़ घंटे, समता एक्सप्रेस व जीटी एक्सप्रेस दो-दो घंटे, गतिमान एक घंटे और झेलम साढ़े तीन घंटे की देरी से आई। इसके अलावा अन्य ट्रेनें भी दो से तीन घंटे की देरी से यहां आईं। रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पिछले दिनों के मुकाबले अब ट्रेनों की स्थिति में सुधार आया है। मौसम साफ होते ही ट्रेनें अपने निर्धारित समय पर चलने लगेंगी।