लक्ष्मीगेट के काली जी के मंदिर से शुरू होकर दतिया गेट पर समाप्त होगा
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 15 मई को बीजेपी के लोकसभा प्रत्याशी अनुराग शर्मा के समर्थन में शहर में दो किलोमीटर लंबा रोड शो करेंगे। उनका रोड शो लक्ष्मीगेट स्थित काली जी के मंदिर से शुरू होकर दतिया गेट पर समाप्त होगा।
सीएम महोबा, उरई में जनसभा करने के बाद दोपहर 3:10 बजे झांसी पहुंचेंगे। पुलिस लाइन में हेलीकॉप्टर से उतरने के बाद वह कार से सीधे लक्ष्मीगेट स्थित काली जी के मंदिर पहुंचेंगे। यहां से उनका रोड शो शुरू होगा। भाजपा महानगर अध्यक्ष हेमंत परिहार ने बताया कि लक्ष्मीगेट से मुरली मनोहर मंदिर, मालिनों का चौराहा, नरिया बाजार होते हुए दतिया गेट तक सीएम का रोड शो होगा। दो किलोमीटर लंबा ये रोड शो करीब एक घंटे में पूरा होगा। यहां से सीएम लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे।
सवा दो साल बाद झांसी में सीएम का दूसरा रोड शो
सवा दो साल बाद झांसी में सीएम का ये दूसरा रोड शो होगा। इससे पहले विधानसभा चुनाव के दौरान 16 फरवरी 2022 को मुख्यमंत्री ने विधायक प्रत्याशी रवि शर्मा के समर्थन में रोड शो किया था। तब रोड शो मढि़या महादेव मंदिर से शुरू होकर कोतवाली के पास समाप्त हुआ था।