संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। यात्रियों की सुविधा और बेहतर यात्रा अनुभव को लेकर मंडल रेलवे के झांसी समेत प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने का रेलवे ने दावा किया है। पीआरओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि रेल प्रशासन द्वारा मंडल रेलवे के विभिन्न स्टेशनों पर पेयजल व्यवस्था की नियमित निगरानी एवं समीक्षा की जा रही है। वाटर बूथ, पानी की टोंटियों, वाटर वेंडिंग मशीनों तथा पैकेज्ड पेयजल की उपलब्धता और व्यवस्था पर लगातार ध्यान दिया जा रहा है, ताकि यात्रियों को पेयजल के लिए किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। यात्रियों को किफायती दरों पर स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए झांसी मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर कुल 19 वाटर वेंडिंग मशीनें स्थापित की गई हैं। ये सभी मशीनें वर्तमान में क्रियाशील हैं। इनमें झांसी स्टेशन पर सात, ग्वालियर में छह, खजुराहो और बांदा में तीन-तीन वाटर वेंडिंग मशीनें शामिल हैं। पीआरओ ने बताया कि रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को रेलनीर के अलावा अनुमोदित ब्रांड किनले, जीवन धारा, ट्रिना, दाभ एक्वा, एलविश, केनन, एक्जीक्यूटिव, अदास एक्वा और ओमैक्स आदि कंपनी की पानी की बोतल उपलब्ध कराई जा रही है।