अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के शुभ अवसर पर पूरा झांसी राममय हो गया। लक्ष्मी व्यायाम मंदिर में सोमवार की शाम को आतिशबाजी का अद्भुत नजारा देखने को मिला। वहां मौजूद सभी लोग आतिशबाजी देखकर बेहद उत्साहित नजर आए।
सांसद अनुराग शर्मा और बुंदेलखंड दशहरा कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में आतिशबाजी का कार्यक्रम हुआ। शहर वासियों ने श्रीराम मंदिर की दिव्य छवि में बने राम मंदिर रथ का भी दर्शन किया। कार्यक्रम के आयोजन से पूरी झांसी दीपावली की तरह सुंदर और जगमगाती दिखाई दी। सांसद ने जान गंवाने वाले कारसेवक के परिजनों को भी प्रशस्ति पत्र दिया। सांसद ने कहा कि कारसेवक जगतप्रकाश अग्रवाल का बलिदान व्यर्थ नहीं गया। इससे पहले सिद्धेश्वर मंदिर से लक्ष्मी व्यायाम मंदिर तक श्रीराम मंदिर स्वरूप की भव्य शोभायात्रा का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में मेयर बिहारी लाल आर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम, एमएलसी रमा निरंजन, एमएलसी बाबूलाल तिवारी, विधायक रवि शर्मा, संघ के विभाग प्रचारक अखंड प्रताप, महानगर अध्यक्ष हेमंत परिहार, नगर धर्माचार्य हरिओम पाठक, अशोक जैन, अनूप सहगल, संजय गुप्ता, लखन, मुकेश मिश्रा, अतुल अग्रवाल, आशीष उपाध्याय, अमित साहू, पूनम शर्मा मौजूद रहे।