पूंछ। क्षेत्र के प्राथमिक और जूनियर विद्यालयों की हालत बेहद खराब है। विद्यालयों के परिसरों में चारों तरफ झाड़ झक्कड़ हो गए हैं, इसके साथ ही विद्यालय के आसपास कीचड़ युक्त गंदा पानी भी भरा हुआ है। जिससे विद्यालय में पढ़ने वाले छात्र छात्राएं विद्यालय नहीं पहुंच पा रहे हैं। इससे परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्र के ग्राम बाबई के प्राथमिक विद्यालय और नवीन पूर्व माध्यमिक विद्यालय के अलावा मजरा गांव बृसिंहपुरा सहित तीनों सरकारी विद्यालयों के परिसर में चारों तरफ बारिश का पानी भरा हुआ है। साथ ही विद्यालय परिसर में बड़ी - बड़ी घास खड़ी हुई है। ग्राम के लोकेंद्र सिंह ने बताया कि इस संबंध में विद्यालय जाने वाले रास्ते में चारो तरफ गंदगी है। सड़क सहित विद्यालय के अंदर कीचड़ एक गंदा पानी भरा हुआ है। जिसमें मच्छर पनप रहे हैं। जिससे विद्यालय आने वाले बच्चे आए दिन बीमार हो जाते हैं। कक्षाओं में मच्छरों की भरमार है, जिससे बच्चों को संक्रामक बीमारियों का खतरा बना रहता है। इसके अलावा जहरीले सांप, बिच्छू इत्यादि विद्यालय परिसर में देखे जा चुके हैं। बताया कि विगत दो दिन पहले गांव के ही रहने वाले राजू को सर्प ने काट लिया था। जिसका इलाज चल रहा है। मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत की गई लेकिन शिक्षा विभाग के अधिकारियों द्वारा कोई सार्थक कदम नहीं उठाया गया। लोगों ने दोनों प्राथमिक और जूनियर विद्यालयों के परिसर में फैली गंदगी से जल्द से जल्द निस्तारण कराए जाने की मांग की है।