मंडलायुक्त सुभाष चंद्र शर्मा ने शनिवार को बबीना ब्लॉक के गांव खैलार में नाले के सफाई कार्य का निरीक्षण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पुराने चेकडैमों को चिह्नित करते हुए मनरेगा से काम कराया जाए। प्रवासी श्रमिकों को प्राथमिकता से रोजगार उपलब्ध कराया जाए। निरीक्षण के दौरान नाले पर 125 श्रमिकों द्वारा मनरेगा के तहत सफाई कार्य किया जा रहा था। कमिश्नर ने कहा कि नाले की सफ ाई के बाद दरेसी अवश्य की जाए ताकि पानी आ जाने के बाद किनारे की मिट्टी नाले में ना आ सके। जनपद में लगभग 40 पुराने चेकडैमों पर कार्य किया जा रहा है। चेकडैमों में जो कमियां हैं उन्हें प्राथमिकता से दूर किया जाए तथा मरम्मत कार्य भी कराए जाएं। मंडलायुक्त ने मौके पर काम कर रह श्रमिकों से बात की और उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने खंड विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि ऐसे प्रवासी श्रमिक जिनके पास राशन कार्ड, जॉब कार्ड नहीं है, उनका तत्काल कार्ड बनवाया जाए। इस मौके पर जेडीसी चंद्रशेखर शुक्ला, डीसी मनरेगा राम अवतार सिंह, खंड विकास अधिकारी प्रतिमा साल्या, प्रधान अंजलि अभय सिंह मौजूद रहे।