संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। वंदे भारत एक्सप्रेस में छात्रा को अकेला पाकर ट्रेन के कैटरिंग कर्मी ने उसके साथ छेड़खानी की। विरोध करने पर आरोपी वहां से चला गया और फिर अपने साथियों के साथ आकर छात्रा के पीछे वाली सीट पर बैठ गया और अश्लील बातें करने लगा। झांसी पहुंच कर डरी-सहमी छात्रा ने पूरी बात पिता को बताई। छात्रा के पिता ने रेलवे प्रशासन से शिकायत दर्ज कराई है।
शुक्रवार को दिल्ली से चलकर रानी कमलापति जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस के सी-9 कोच में झांसी की रहने वाली छात्रा दिल्ली से झांसी के लिए यात्रा कर रही थी। ट्रेन में अधिक यात्री न होने के चलते ट्रेन के कैटरिंग कर्मी छात्रा को अकेला पाकर छेड़खानी करने लगा। पहले आरोपी ने छात्रा के बाल खींचे और उसे छूता रहा। उसकी इस हरकत से छात्रा डर गई। कुछ देर छात्रा ने शोर मचाया तो आरोपी वहां से चला गया लेकिन थोड़ी देर में फिर से अपने अन्य साथियों के साथ छात्रा की पीछे वाली सीट पर आकर बैठ गया और अश्लील बातचीत करने लगा। झांसी पहुंचकर छात्रा ने पिता को पूरी बात बताई। छात्रा ने बताया कि कर्मी नशे में था। छात्रा के पिता ने मामले की शिकायत रेल प्रशासन से करते हुए कार्रवाई की मांग की है।
दिल्ली में रहकर पढ़ाई करती है छात्रा
छात्रा के पिता ने बताया कि उनकी बेटी दिल्ली में रहकर पढ़ाई करती है। वह कभी अकेले नहीं आती है लेकिन इस बार मैंने ही उसे अकेले यात्रा करने पर जोर दिया था। पिता ने बताया कि उन्हें इस बात का विश्वास था कि वंदे भारत एक्सप्रेस सुरक्षित ट्रेन है और दिन की यात्रा है तो ऐसे में को डर की बात नहीं है। लेकिन इस घटना ने बेटी को इतना डरा दिया है कि वह अकेले यात्रा करने की बात से भी सहम रही है।
वर्जन
घटना की शिकायत ट्रेन के झांसी से रवाना होने के बाद की गई है। घटना के संबंध में रानी कमलापति स्टेशन पर सुरक्षा बल को दे दी गई है। यदि पहले शिकायत आ जाती तो आरोपियों को ट्रेन से झांसी में उतार लिया जाता। मामला में तहरीर मिलने पर एफआईआर दर्ज की जाएगी। - विवेकानंद नारायण, मंडल रेल सुरक्षा आयुक्त, आरपीएफ।